- शरीर में ठंड लगने के पीछे हो सकते हैं कई कारण, लक्षण दिखने पर जरूर कराएं जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। तापमान में गिरावट के साथ ठंड लगना सामान्य है, लेकिन यदि गर्म कपड़े पहनने और अनुकूल वातावरण में रहने के बावजूद शरीर में अत्यधिक ठंड महसूस हो रही है तो इसे हल्के में न लें। खून की कमी, थायराइड की गड़बड़ी और कमजोरी भी इसकी वजह हो सकती है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर के अनुसार, कुछ लोगों को सामान्य से अधिक ठंड लगना स्वास्थ्य संबंधी समस्या का संकेत हो सकता है। शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी से थकान, कमजोरी और ठंड महसूस हो सकती है। वहीं थायराइड की सक्रियता कम होने से मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ता है और शरीर का तापमान नियंत्रित रखने की क्षमता प्रभावित होती है। कम वजन, पोषण की कमी और रक्त संचार संबंधी समस्याएं भी इसके कारण हो सकती हैं।
डॉ. तोमर के अनुसार, ठंड लगने के साथ लगातार थकान, चक्कर आना, त्वचा में रूखापन, बाल झड़ना और वजन बढ़ने जैसी शिकायतें हों तो चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। लक्षणों के आधार पर सीबीसी, हीमोग्लोबिन, थायराइड प्रोफाइल और ब्लड शुगर की जांच कराई जा सकती है। हर व्यक्ति को सभी जांच कराने की आवश्यकता नहीं होती।
ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें और सिर, कान, हाथ-पैर ढककर रखें। संतुलित और पौष्टिक भोजन लें। हरी सब्जियां, दालें, फल और प्रोटीन युक्त आहार शामिल करें। पर्याप्त पानी पीने के साथ नियमित शारीरिक गतिविधियां भी जारी रखें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। तेज कंपकंपी, अत्यधिक सुस्ती, भ्रम या सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।