पुष्पा मुंजियाल सरकारी स्कूल में शिक्षिका के पद से रिटायर हुई हैं। उन्होंने ताउम्र अविवाहित रहने का प्रण लिया था। रिटायरमेंट के बाद वह मई 1999 से होल्ड एज होम में रह रही हैं। वर्ष 2005 में एक घटना में उनकी आंखें चलीं गई। अब वह देख नहीं पाती हैं। उन्होंने अपनी पेंशन के पैसों से पाई-पाई जोड़कर अब तक जो भी संपत्ति अर्जित की थी, सब राहुल गांधी के नाम कर दी है। संपत्ति के नाम पर उनके पास 50 लाख रुपये की एफडी और 10 तौले सोना और कुछ अन्य पॉलिसी हैं। उनकी तीन बहनें हैं। सभी विवाहित हैं और उनके बच्चे भी हैं। एक भाई भी था, जिनकी मृत्यु हो चुकी है।
दून अस्पताल को भी दे चुकी हैं 25 लाख रुपये दान
पुष्पा मुंजियाल इससे पहले दून अस्पताल को दवाओं और गरीब मरीजों के इलाज के लिए 25 लाख रुपये दान कर चुकी हैं। तब इन पैसों का पौने दो लाख रुपये ब्याज ही आता था। उन्होंने बताया कि तब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी। अस्पताल प्रशासन ने इस पैसे का सदपयोग नहीं किया। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी से भी शिकायत की थी। कुछ समय तो अस्पताल प्रशासन ने उन्हें पैसों के खर्च की जानकारी दी, लेकिन बाद में क्या किया, कुछ पता नहीं।
राहुल गांधी की शादी पर बहु को देंगी गहने
पुष्पा मुंजियाल का कहना है कि उन्हें राहुल गांधी की मासूमियत और स्वभाव पर बेहद प्यार आता है। उन्होंने शादी नहीं की। अगर वह अब भी शादी करते हैं तो वह उनकी बहू को गहने उपहार में देंगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चाहें तो वह उनके पैसों को खुद पर भी खर्च कर सकते हैं। उन्हें इससे खुशी होगी।