देश सेवा की कसम खाकर कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के 261 रिक्रूट रविवार को विधिवत रूप से थल सेना का अंग बन गए। धर्मगुरु ने गीता और राष्ट्रीय ध्वज को साक्षी मानकर रिक्रूटों को कसम दिलाई। मुख्य अतिथि कमांडेंट ब्रिगेडियर आतेश चहार ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों से हर हाल में देश की सीमाओं की रक्षा करने का आह्वान किया।
यहां सोमनाथ मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में परेड कमांडर दीपक कुमार के नेतृत्व में भव्य मार्च पास्ट का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि कमांडेंट चहार ने मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके बाद धर्मगुरु सूबेदार प्रकाश चंद्र ने कतारबद्ध खड़े रिक्रूटों को देश सेवा की शपथ दिलाई।
कई रिक्रूट को किया सम्मानित
jawan
- फोटो : amarujala
कमांडेंट ने कहा कि नव प्रशिक्षित जवानों ने सेना में शामिल होकर जीवन का सबसे बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने देश सेवा के लिए जरूरत पड़ने पर सर्वोच्च बलिदान से भी पीछे नहीं हटने का आह्वान किया। समारोह में रिक्रूटों के परिजन भी मौजूद थे। कमांडेंट ने परिजनों को गौरव मेडल देकर सम्मानित किया।
प्रशिक्षण के दौरान फायरिंग, ड्रिल सहित तमाम गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट सुरेंद्र सिंह, गोकुल सिंह, दीपक कुमार, विपिन यादव, नवीन सिंह, हेम चंद्रा, कमल सिंह, डिगर सिंह, सुरेंद्र सिंह, ब्रह्मानंद, कमल सिंह आदि को कमांडेंट ब्रिगेडियर आतेश चहार ने मेडल देकर सम्मानित किया।