ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। उत्तर रेलवे के दिल्ली-गाजियाबाद-सहारनपुर सेक्शन के खतौली-मुजफ्फरनगर के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण कार्यों के चलते जनशताब्दी, इंदौर एक्सप्रेस, कोच्चिवेली एक्सप्रेस समेत आठ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियोें के मुताबिक नई दिल्ली-देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस 20 मई को नई दिल्ली-शामली-टपरी होते हुए देहरादून आएगी। उज्जैन से देहरादून आने वाले उज्जैनी एक्सप्रेस बृहस्पतिवार, ओखा-देहरादून, उत्तरांचल एक्सप्रेस शुक्रवार, कोच्चिवेली-देहरादून एक्सप्रेस शनिवार और इंदौर-देहरादून एक्सप्रेस 19 मई को शामली-टपरी होते हुए देहरादून आएगी। देहरादून से नई दिल्ली एक्सप्रेस और देहरादून से कोच्चिवेली एक्सप्रेस 20 मई को टपरी-शामली होते हुए गंतव्य को जाएगी। जबकि देहरादून से मदुरै जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस 17 और 20 मई को टपरी-शामली-निजामुद्दीन होते हुए मदुरै जाएगी। देहरादून के अलावा हरिद्वार से संचालित कुछ ट्रेनोें के मार्ग में बदलाव किया है। पुरी-हरिद्वार उत्कल एक्सप्रेस 17 मई, अहमदाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस 20 मई को बदले हुए मार्ग पर चलेेगी। अधिकारियों के मुताबिक देहरादून से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के अलावा 39 ट्रेनोें का संचालन प्रभावित रहेगा।