ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
चकराता। श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत एक दिवसीय शिविर लगाया गया। शिविर में स्वयंसेवकों ने स्वच्छता जागरुकता अभियान चलाते हुए महाविद्यालय परिसर सहित क्षेत्र के संपर्क मार्गों की सफाई की। साथ ही झाड़ी कटान व बंद नालियों को खोला गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुलदीप चौधरी ने स्वयंसेवकों को विभिन्न समूहों में बांट कर झाड़ी कटान और बंद नालियों की सफाई करवाई। स्वयंसेवकों ने अभियान चलाकर बिखरे कूड़े और पॉलिथीन का निस्तारण किया। बाद में आयोजित बौद्धिक सत्र में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केएल तलवाड़ ने स्वयंसेवकों को संयमित और अनुशासित होकर कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनुशासित रहते हुए सामाजिक सरोकारों में सहभागिता निभाकर समाज को सही राह दिखाना स्वयंसेवक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वयंसेवकों को महाविद्यालय परिसर में अनुशासन बनाए रखने में सहयोग देने को कहा।
इस दौरान डॉ. सुनील कुमार, डॉ. अरविंद वर्मा, डॉ. संजीव शर्मा, डॉ. सीमा, नरेश, देशराज सिंह, अंकुर, शफीक, अर्जुन, विनोद, रिंकी, पिंकी, पूनम, नेहा, बबीता, सरिता, शिवांगी, सुमन, पूजा, प्रियंका, रंजीता, आकांक्षा, नीरज, राहुल, प्रदीप, शुभम, रमेश, सचिन, नितेश, अक्षय आदि मौजूद रहे।