श्रीनगर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बने खोला-धारपंयाकोटी मोटर मार्ग की स्थिति खस्ताहाल है। मार्ग गड्ढों में तब्दील होने से वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है।
कीर्तिनगर के कड़ाकोट पट्टी के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला खोला-धारपंयाकोटी मोटर मार्ग जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों के साथ ही राहगिरों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। क्षेत्र के चंद्रमोहन सिंह चौहान ने बताया कि पहलगांव से मरगांव तक मोटर मार्ग अत्यधिक विकट हो चुका है। बताया कि समस्या से कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय निवासी मेहरवान सिंह पंवार, भगत सिंह राणा, गौर सिंह चौहान, शैलेंद्र पंवार, उम्मेद सिंह कंडारी आदि ने विभाग से समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। पीएमजीएसवाई लोनिवि के अधिशासी अभियंता जेपी रतूड़ी ने बताया कि सड़कों का निरीक्षण किया जा रहा है। शीघ्र ही मार्गों की सफाई व पैचिंग का कार्य शुरू कर लिया जाएगा।