ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
ग्राम पंचायत अंबाड़ी के आशीर्वाद विहार में बीते कई माह से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। बृहस्पतिवार को लो वोल्टेज पर लोगों को गुस्सा फूट गया। उन्होंने विकासनगर स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही के कारण बीते बुधवार की रात से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है।
ग्राम प्रधान बाला चौहान ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। शाम ढलते ही बिजली उपकरण शोपीस बन जाते हैं। क्षेत्र में रहने वाले करीब 29 परिवारों को लो वोल्टेज से जूझना पड़ता है। बुधवार की रात से यह व्यवस्था भी पूरी तरह से धराशाई हो चुकी है। कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बावजूद भी क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या से निजात नहीं दिलाया जा सका। कहा नियमित रूप से बिजली आपूर्ति बहाल न होने पर लोगों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
उधर, संपर्क करने पर सहायक अभियंता गुरदीप सिंह ने फोन नहीं उठाया। प्रदर्शन करने वालों में बाला चौहान, असगर अली, नूर मोहम्मद, शेरखान, मुनेश, बचन सिंह, रीना, मोहम्मद राशिद, कांतिराम, नजीरन, आजाद अली, जिशान खान, पंकज कुमार आदि शामिल रहे।