ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक वाईएस चौधरी के नेतृत्व में गठित समिति ने बृहस्पतिवार को ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों में आरटीई के तहत हुए प्रवेश संबंधी पत्रावलियों की जांच की। इस दौरान जमनीपुर स्थित देवभूमि पब्लिक स्कूल प्रबंधन के जांच में सहयोग न करने पर जिला शिक्षाधिकारी ने रोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मामले में रिपोर्ट तैयार कर सीईओ को भेजी जाएगी।
बीते दिनों शिक्षा विभाग ने आरटीई के तहत प्रवेश लेने वाले छात्रों की प्रतिपूर्ति राशि को उनके खातों में भेजा, लेकिन ब्लॉक के कई स्कूलों द्वारा विभाग को उपलब्ध कराए गए खाते बैंकों के डेटाबेस से मैच नहीं कर पाए। जिस कारण खातों में पैसा जमा नहीं हो सका। मामले की जांच के लिए सीईओ ने जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक वाईएस चौधरी के नेतृत्व में तीन सदस्य कमेटी का गठन किया। जिसमें बीईओ सहसपुर पंकज कुमार के साथ ही बीईओ विकासनगर वीपी सिंह को शामिल किया गया।
बीईओ वीपी सिंह ने बताया कि सेंग्विन पब्लिक स्कूल, पद्रोण पब्लिक स्कूल, एनफील्ड स्कूल में भी पत्रावलियों की जांच की गई है। जहां शिक्षकों ने समिति के सदस्यों का सहयोग किया। लेकिन देवभूमि पब्लिक स्कूल ने इस में कोई सहयोग नहीं किया। जिस कारण समिति को स्कूल से निराश लौटना पड़ा।
डीईओ वाईएस चौधरी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए सीईओ को भेजी जाएगी।