शिवरात्रि पर शिवालयों में हुए भजन कीर्तन
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
डोईवाला। श्रावण मास की शिवरात्रि पर बृहस्पतिवार को नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में श्रद्धालु भारी संख्या में जलाभिषेक के लिए उमड़े। इस दौरान मंदिरों में भजन- कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान भी हुए।
शिवालयों में बृहस्पतिवार तड़के से ही श्रद्धालु अपने आराध्य भगवान शंकर को अर्पण करने के लिए गंगा जल, दूध, दही, घी और पंचामृत लेकर पहुंच गए थे। नगर के अग्रवाल धर्मशाला स्थित शिव मंदिर, शक्ति भवन स्थित शिव मंदिर, प्रेमनगर बाजार, गार्डन और मिल कॉलोनी, कुड़कावाला क्षेत्र के अलावा प्राचीन दूधली और लच्छीवाला शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इसके अलावा गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भी भोलेबाबा का जलाभिषेक किया। पंडित रमेश डंडरियाल ने बताया कि वर्षभर में दो शिवरात्रि आती हैं, पहली महाशिवरात्रि पर्व और दूसरी सावन मास की शिवरात्रि। भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए श्रावण मास सबसे उपयुक्त महीना होता है। इस दौरान घुंघरू शर्मा, शीशपाल अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, ईश्वरचंद अग्रवाल, प्रशांत गुप्ता आदि मौजूद रहे।