गोपेश्वर। नगर पंचायत नंदप्रयाग अध्यक्ष की ओर से व्यापारी आयाजुद्दीन सिद्दकी पर लगाए अवैध खनन के आरोप को व्यापारी ने सिरे से खारिज किया। उन्होंने पंचायत अध्यक्ष से सार्वजनिक माफी मांगने की बात कही। कहा कि अध्यक्ष की ओर से यदि माफी नहीं मांगी जाती तो मजबूरन न्यायालय में मानहानि का वाद दर्ज किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष किरन रौतेला की ओर से 12 अप्रैल को नगर में स्टोन क्रशर संचालक आयाजुद्दीन सिद्दकी पर अवैध खनन करने का आरोप लगाया गया था। शुक्रवार को व्यापारी आयाजुद्दीन ने पत्रकार वार्ता कर आरोपों को निराधार बताया। कहा कि खनन व्यवसाय के लिए आवश्यक सभी सरकारी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। सरकार की ओर से वर्ष 2021 तक की अनुमति दी गई है। जिस भूमि पर खनन और क्रशर का कार्य किया जा रहा है वह उनकी निजी नाप भूमि है। उन्होंने माफी न मांगने पर अध्यक्ष के विरुद्ध मानहानि का वाद दर्ज करने की बात कही।