देवप्रयाग। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण के लिए बागेश्वर पंतगाव के ग्रामीणों ने रेल विभाग से भूमि अधिग्रहण किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है, रेल विभाग ने उनकी भूमि का डंपिंग जोन के लिए अधिग्रहण किया, लेकिन कुछ भूमि छोड़ दी गई है जो कि उनके किसी काम की नही है।
शनिवार को पंतगांव शिव मूर्ति में रेलवे लाइन निर्माण को लेकर स्थानीय प्रशासन व रेलवे अधिकारियों के साथ स्थानीय लोगों की कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में रेलवे विभाग की ओर से डा. एसके बरनवाल ने भरपूर, टोल, पंतगांव व बागेश्वर के ग्रामीणों को रेल परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई भूमि के बारे में जानकारी दी। जबकि एसडीएम कीर्तिनगर नूपुर वर्मा व तहसीलदार सिंगरूप सिंह नेगी ने ग्रामीणों की समस्या सुनी। इस मौके पर पंतगांव बागेश्वर के ग्रामीणों ने कहा कि उनकी भूमि जो रेलवे द्वारा डंपिंग के लिए अधिग्रहित की गई है उसमें भूमि का कुछ हिस्सा छोड़ दिया गया है। जोकि काश्तकारों के किसी काम का नही है। ग्रामीणों ने बची भूमि का भी अधिग्रहण करने की मांग की है। चेतावनी दी है कि जब तक उनकी बची भूमि का अधिग्रहण नही किया जाता वह अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नही लेंगे। ग्रामीणों की इस मांग पर रेल विभाग के डा. बरनवाल ने कहा कि भूमि का निरीक्षण कर समस्या रेल विभाग को भेजी जाएगी। आपत्ति जताने वालों में उम्मेद सिंह, जेपी पंत, राजेश पंत, मदन सिंह, विक्रम सजवाण, चंदन सिंह, पितांवर पंत, चिंतामणि, रूप सिंह, प्रधान नरेंद्र रावत व कृष्ण सिंह आदि शामिल थे।