ब्यूरो/डोईवाला। वन विभाग की ओर से देहरादून वन प्रभाग के थानो वन रेंज में आयोजित हो रहे पांचवें स्प्रिंग बर्ड फेस्टिवल में दूसरे दिन राज्य के पक्षियों की चहचहाहट सुनने को सैकड़ों लोग उमड़ पड़े। इस दौरान स्कूली बच्चों की पक्षियों पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता भी हुई। विशेषज्ञों ने लोगों को पक्षियों के बारे में आवश्यक जानकारियों से रूबरू कराया।
पांचवें बर्ड फेस्टिवल में दूसरे दिन थानो वन रेंज से रानीखेत थानों से मिढ़ावाला और थानो से सिरियों ट्रेल भ्रमण में 500 से अधिक पक्षी प्रेमियों ने प्रतिभाग किया। वहीं, थानो से झिमलिम झील के लिए विभागीय व्यवस्था से 200 से अधिक बर्ड वांचिग के लिए गए। वन संरक्षक उत्तराखंड जयराज ने थानों से सिरियों तक स्वयं बर्ड वाचिंग की। फेस्टिवल में पिन्जौर हरियाणा से आए गिद्ध विशेषज्ञ डॉ. विभू प्रकाश ने गिद्धों के प्रजनन और संरक्षण को लेकर विस्तृत जानकारियां दी। उन्होंने बताया कि 1990 में गिद्धों की संख्या में चार करोड़ के लगभग थी। अगले छह सालों में संख्या में 94 प्रतिशत की गिरावट आ गई।
बताया कि सरकार द्वारा गिद्धों के अंडो का संरक्षण और प्रजनन किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों द्वारा बर्ड वाचिंग के लिए आए देश विदेश के लोगों को पक्षियों से संबधित विभिन्न जानकारियां दी गई। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक इको टूरिज्म जेएस पांडेय, अपर वन संरक्षक धनंजय मोहन, संजय सोढ़ी, पीके पात्रों, राजीव धीमान, बीबी मर्तोलिया, डॉ. उदयनंद गौड़, भुवनचंद केशवाल, अरविंद डोभाल, गमाल सिंह रावत, प्रदीप रावत आदि मौजूद रहे।