श्रीनगर। एसएससी परीक्षाओं के पेपर लीक होने व परीक्षा कार्यक्रम बार-बार रद्द किए जाने पर आक्रोशित अभाविप कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई से किए जाने की मांग की। विरोध स्वरूप कार्यकर्ताओं ने एसएससी का पुतला फूंका।
शनिवार को अभाविप कार्यकर्ताओं ने स्थानीय गोलापार्क में प्रदर्शन किया। अभाविप कार्यकर्ताओं का कहना था कि देशभर में लाखों छात्र एसएससी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। एसएससी परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को पैन भी परीक्षा केंद्रों पर ही उपलब्ध कराए जाते हैं। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में कुछ भी सामान नहीं ले जा सकते हैं। बावजूद इसके इन परीक्षाओं के पेपर लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदर्शनकारियों में प्रदेश मंत्री सुधीर जोशी, विनीत पोश्ती, शैलेष मलासी, दीपक उनियाल, ऋतांशु कंडारी, संदीप राणा, ऋषभ रावत, सौरभ गोदियाल, हिमानी नैथानी व तनुजा आदि शामिल थे।