श्रीनगर। गैरसैंण स्थायी राजधानी की मांग के लिए अनशन पर बैठे संजय घिल्डियाल और धरने पर बैठे प्रवीन कुमार को पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और एसडीएम कोर्ट में पेश किया। पुलिस का कहना है कि आंदोलनकारियों के पास गोलापार्क में अनशन करने की अनुमति नहीं थी। वहीं आंदोलनकारियों को उठाने से गुस्साए लोगों ने कोतवाली में विरोध-प्रदर्शन किया। खबर लिखे जाने तक दोनों आंदोलनकारियों की जमानत नहीं हुई थी।
गैरसैंण स्थायी राजधानी की मांग के लिए गोला पार्क में संजय घिल्डियाल ने शनिवार सुबह से अनशन शुरू किया था, लेकिन देर शाम पुलिस ने अनशनकारी व धरने पर बैठे प्रवीण कुमार को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि आंदोलनकारियों के पास गोलापार्क में आंदोलन करने की अनुमति नहीं थी। इस संबंध में आंदोलनकारियों को पूर्व में ही सूचित कर दिया गया था, लेकिन वे नहीं माने और अनशन पर बैठ गए। वहीं आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किए जाने की सूचना पर अनिल स्वामी, गंगा असनोड़ा, शिवानी पांडे, बासुदेव कंडारी, नवीन नौटियाल आदि ने कोतवाली में विरोध जताया।
महिला दरोगा हुई चोटिल
श्रीनगर। आंदोलनकारियों को वाहन में बैठाने के दौरान महिला दरोगा संध्या नेगी चोटिल हो गई। संध्या का हाथ आंदोलनकारियों को पुलिस वाहन में बैठाने के दौरान दरवाजे की चपेट में आ गया था।