ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी
वाल्मीकि उत्थान सभा के सदस्यों ने वाल्मीकि समाज पर जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाते हुए फिल्म अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लाइब्रेरी सिनेमा हाल जाकर सलमान खान की फिल्म टाइगर जिंदा है का शो रुकवा दिया और फिल्म के पोस्टर भी फाड़ दिए। साथ ही कहा कि इस फिल्म को मसूरी में चलने नहीं दिया जाएगा। दोनों का पुतला दहन कर सभा के सदस्यों ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को बड़ी संख्या में समाज के लोग वाल्मीकि उत्थान सभा के नेतृत्व में लंढौर बाजार में एकत्र हुए और सलमान-शिल्पा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया। कहा गया कि सलमान खान और शिल्पा शेट्टी ने एक टीवी चैनल पर समाज पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया, जो वाल्मीकि और पूरे दलित समाज के लोगों के साथ अन्याय है। इससे लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने शिल्पा और सलमान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सभा के अध्यक्ष राजेंद्र घांवरिया ने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो तो वाल्मीकि समाज उग्र आंदोलन को बाध्य होगा। मनोज कुमार ढिंगिया, विजेंद्र मंचल, अशोक टांक, राजकुमार, गुलशन कुमार, मुकेश, सुनील, आशीष रावत, अभिलाष कुमार आदि उपस्थित रहे।