थराली। तहसील के एक मात्र स्वास्थ्य केंद्र में लगी डिजीटल एक्सरे मशीन छह माह से जंक खा रही है। लाखों की इस मशीन को यहां चलाने के लिए विशेषज्ञ तैनात नहीं है। ऐसे में लोगों को एक्सरे कराने के लिए 150 किमी दूर श्रीनगर सहित हायर सेंटर की दौड़ लगानी पड़ रही है।
तहसील के देवाल, नारायणबगड़ और थराली ब्लाकों के तीन सौ से अधिक गांवों के लिए स्थापित एक मात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी एक्सरे मशीन खराब पड़ी है। थराली के क्षेत्र पंचायत सदस्य नंदू बहुगुणा, विनोद रावत, ग्राम प्रधान भावना गुसाईं, व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत आदि ने कहा कि मामूली चोट लगने या दुर्घटना होने पर लोग यहां मीलों पैदल चलकर पहुंचते हैं, लेकिन अस्पताल में एक्सरे न होने से जांच नहीं हो पाती। एक्सरे मशीन लगाने के बाद यहां तैनात एक्सरे तकनीशियन का तबादला कर दिया गया। वहीं सीएचसी के प्रभारी जगदीश जोशी का कहना है कि विभाग को इस बारे में कई पत्र लिख चुके हैं, लेकिन अभी तक यहां पर एक्सरे टेक्नीशियन की पोस्ट पर तैनाती नहीं हो पाई है। आगे भी पत्राचार किया जाएगा।