श्रीनगर। बिना सत्यापन कार्ड वाले फड़ ठेली संचालक शहर में फड़ नहीं लगा पाएंगे साथ ही वाहन चालक भी सत्यापन कार्ड के बिना वाहन नहीं चलाएंगे। पुलिस जल्द ही फड़ ठेली संचालकों और वाहन चालकों को सत्यापन कार्ड बांटेगी।
कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि जिन ठेली फड़ संचालकों व वाहन चालकों ने कोतवाली में अपना सत्यापन कराया है, जिला मुख्यालय से उनके सत्यापन कार्ड कोतवाली पुलिस को मिल चुके हैं। सत्यापन कार्ड में पूरे पते के साथ ही संबंधित व्यक्ति की फोटो भी लगी है। प्रथम चरण में कोतवाली पुलिस 82 ठेली फड़ संचालकों व 210 चालकों को सत्यापन कार्ड बांटेगी। यदि कोई व्यक्ति बिना सत्यापन कार्ड के रेहड़ी, ठेली, जीप चलाते हुए पकड़ा गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में कोई भी बाहरी व्यक्ति बिना सत्यापन कार्ड के यहां काम करने आए तो उसकी सूचना तुरंत कोतवाली में दें। पुलिस ने लोगों से सत्यापन कार्ड वाले चालकों के ही वाहन में बैठने की अपील की है।