ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जीवन और उनके संघर्षों पर लिखी गई पुस्तक ‘खैरासैंण का सूरज’ का गुरुवार को विमोचन हो गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खुद पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक डा. नंदन सिंह बिष्ट ‘विश्व’ ने लिखी है। मुख्यमंत्री ने लेखक का आभार जताया।
राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित विमोचन समारोह में जागर साम्राज्ञी बसंती बिष्ट और राज्य आंदोलनकारी सुशीला बलूनी ने भी पुस्तक की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की जिंदगी का सफरनामा एक खुली किताब है। खैरासैंण का सूरज किताब में मुख्यमंत्री के राजनीतिक संघर्ष पढ़ने को मिलेगा।
पुस्तक में त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुख्यमंत्री शपथ का जिक्र किया है। डा. नंदन सिंह बिष्ट ने लिखा है त्रिवेंद्र सिंह रावत के मार्च में मुख्यमंत्री की शपथ लेने भर से प्रदेश में राजनीतिक गलियारों में खलबली की शीत लहर चल गई थी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र को कंपकंपाने की खूब कोशिशें हुई। जब मुख्यमंत्री को हलाल होने वाली झुरझुरी नहीं हुई तो उन्हें हिलाने और चलता करने के प्रयास हुए। डा. बिष्ट ने लिखा है कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने राजनीतिक अनुभवों से सत्ता संभालते हुए चंद महीनों में ही उत्तराखंड को एक सफल और कामयाबी के मुकाम तक पहुंचाया। समारोह में लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी, पद्मश्री अनिल जोशी और किसान बृजमोहन रावत समेत कई लोग मौजूद थे।