राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को कुल 1294 मुदकमों का निपटारा आपसी सुलह समझौतों के आधार पर हुआ। इनमें 42 करोड़ रुपये से अधिक का समझौता हुआ। लोक अदालत के लिए पूरे जिले की अदालतों में कुल 17 पीठ गठित की गई थीं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा कुशवाह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में यह लोक अदालत आयोजित की गई थी। इसमें पारिवारिक वाद, एनआई एक्ट, फौजदारी के शमनीय मुकदमों को लगाया गया था। अदालत मे चेक बाउंस के दो लाख रुपये से कम वाले 199 मुदकमों का निपटारा हुआ। साथ ही दो लाख रुपये से अधिक वाले कुल 66 मुकदमे निपटाए गए। इनके अलावा प्री लिटिगेशन यानी पुलिस को शिकायत से पहले लोक अदालत में लगाए गए मामलों का भी निपटारा हुआ। इसमें 166 मुकदमों का निपटारा हुआ। साथ ही बैंक रिकवरी के मामले भी लोक अदालतों में सुने गए। इनमें 15 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि रिवकरी करने के आदेश दिए गए। राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत विकासनगर, देहरादून, ऋषिकेश और डोईवाला में बेंच बनाई गईं थी। इनमें तकरीबन तीन हजार मुकदमे सूचिबद्ध हुए थे।