गुलदार ने गोशाला में बंधी बछिया को किया घायल
-- गुलदार के आतंक से लोगों में खौफ, हर समय बना है हमले का डर
अमर उजाला ब्यूरो
रायवाला। क्षेत्र में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुलदार के आतंक से नागरिकों को निजात दिलाने के लिए बीते बृहस्पतिवार की सुबह राजाजी पार्क प्रशासन ने सुबह एक गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर पकड़ा था, जबकि शाम होते हुए दूसरे गुलदार ने मोतीचूर बस्ती में एक गोशाला में धावा बोलकर एक बछिया को घायल कर दिया। बीते बृहस्पतिवार की सुबह राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क प्रशासन ने रेंज कार्यालय के समीप एक गुलदार को चहलकदमी करते हुए ट्रेंकुलाइज कर पिंजरे में कैद कर चीला रेंज भेजा था।
देर शाम रेंज कार्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित मोतीचूर बस्ती में गुलदार हमला बोलकर मोहम्मद खालिक की गोशाला में बंधी एक बछिया को घायल कर दिया। मोहम्मद खालिक ने बताया की शाम के समय गोशाला की चारदीवारी फांदकर गुलदार भीतर दाखिल हुआ और बछिया पर हमला कर दिया। वह उस दौरान बछिया के पास बंधी गाय से दूध निकाल रहा था। गुलदार के हमला करते ही खलिक ने हड़बड़ाहट में शोर मचाया और अपनी जान बचाने के लिए गुलदार की ओर पत्थर फेंके।
इसी बीच घर में मौजूद अन्य लोग भी मौके पर आ गए और उन्होंने गुलदार को खदेड़ दिया। बताया गया कि इसके कुछ देर बाद गुलदार गोशाला के आसपास देखा गया, जिससे लोगों में दहशत बनी हुई है। मोतीचूर बस्ती के पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त क्षेत्र मोतीचूर रेंज कार्यालय के पास है मगर हरिद्वार रेंज में आता है। आरोप है कि वन विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा में लापरवाही बरत रहा है।