देहरादून। पिकनिक मनाने सहस्त्रधारा गए जम्मू कश्मीर के दो छात्र नदी के तेज बहाव में बह गए। साथ गए दोस्तों ने एक को किसी तरह निकाल लिया, जबकि दूसरा गायब हो गया। देर रात तक पुलिस और आईटीबीपी के गोताखोर उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
एसओ राजपुर अमरजीत सिंह ने बताया कि बिहाइव पीजी कालेेज में एमएससी केमिस्ट्री के 12 छात्र रविवार दोपहर पिकनिक के लिए सहस्त्रधारा आए। देर शाम नदी के बीच एक पत्थर पर फोटो खिंचवाते वक्त कुपवाड़ा निवासी अहजाद अहमद का पैर फिसल गया। अहजाद सीधे नदी में जा गिरा और बहने लगा। यह देख रईस निवासी कुपवाड़ा उसे बचाने नदी में कूदा, लेकिन वह भी नदी में बहने लगा। साथियों ने किसी तरह रईस को बाहर निकाला, लेकिन अहजाद का कुछ पता नहीं चला।
सूचना पर पुलिस ने ऋषिकेश से गोताखोर पुलिस और आईटीबीपी के जवान बुलाए। देर रात तक अहजाद को तलाशा नहीं जा सका। एसओ राजपुर ने बताया कि सोमवार सुबह फिर गोताखोर नदी में उतरेंगे।