मौसम विभाग का अनुमान बृहस्पतिवार को किसी हद तक सही रहा। प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश रिकार्ड की गई। चमोली जनपद स्थित जोशीमठ में सुबह साढ़े आठ बजे तक सबसे ज्यादा 26 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि कर्णप्रयाग में 12 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई।
शुक्रवार को भी प्रदेश में कहीं-कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी उत्तराखंड के कई इलाकों में अच्छी बारिश रह सकती है। उधर, दून में भी बृहस्पतिवार को बौछारें पड़ीं। शाम साढ़े पांच बजे तक कुल 11.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
उमस परेशानी बनी
मौसम विभाग ने पांच से 15 मिलीमीटर तक बारिश की संभावना जताई थी। इससे पहले यहां लगभग दोपहर तक धूप खिली रही। लोगों के लिए उमस परेशानी बनी हुई थी, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल छाए और बूंदे गिरने लगीं। रायपुर, मालदेवता, राजपुर जैसे क्षेत्रों में झमाझम बारिश रही। महज 15 मिनट की बारिश ने ही उमस से बेचैन लोगों को राहत प्रदान की। आर्द्रता का प्रतिशत अधिकतम 95, जबकि न्यूनतम 68 दर्ज किया गया