देहरादून। नासा स्पेस सेेंटर और अमेरिका के विभिन्न शहराें के भ्रमण पर गए समर वैली स्कूल के छात्र सकुशल दून लौट आए हैं। अमेरिका में सैंडी तूफान की वजह से 41 सदस्यीय दल में शामिल 11 छात्रों की फ्लाइट कैंसल होने से वे वहीं फंसे रह गए थे। हालांकि, फ्लोरिडा में होने से वे तूफान से बचे रहे। ये सभी छात्र शनिवार को दून पहुंच गए। अमेरिका ट्रिप को लेकर इन छात्रों में खासा उत्साह तो है, लेकिन सबको मलाल है कि सैंडी ने स्टैच्यू आफ लिबर्टी देखने का मौका उनसे छीन लिया।
शिक्षिका संगीता सोफ्त ने बताया कि फ्लाइट कैंसल हुई, लेकिन वहां बच्चों के ठहरने आदि की पूरी व्यवस्था थी। अपने साथियों से एक दिन बाद दून पहुंचीं संप्रज्ञा और आशी ने बताया कि एक दिन रुकना उनके लिए इस लिहाज से खुशनुमा रहा कि उन्हें बर्फबारी देखने का मौका मिल गया। वहीं, छात्र भरत अग्रवाल, अंचित शर्मा, अनंत, विशेष, चिराग, ज्योति का कहना था कि स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी के पास पानी बहुत ज्यादा भर गया था, वहां जाना नामुमकिन था। ऐसे में बहुत दूर से बस एक झलक ही देख सके।
शनिवार देर रात लौटे छात्रों में शौर्य अग्रवाल, पाल गुप्ता, सिमरन, सिद्धांत डोभाल, तरुण मौर्य, शिवांशु कुमार, आशुतोष और शिक्षक सुनीता ओबेराय और ध्रुव कालिया शामिल रहे।