देहरादून। नए साल की सुबह होते होते पल्टन बाजार और सहारनपुर चौक की सड़कों पर वाहनों के जाम से लोगों को निजात मिल जाएगी। इसमें अब सिर्फ 51 दिन बचे हैं। बाजार के बीच कार लेकर आने वाले अब कुछ दूरी पर ही अपनी कार खड़ी कर पैदल ही दुकानदारी का मजा ले सकेंगे हैं। दरअसल तहसील को डिस्पेंसरी रोड शिफ्ट किया जाएगा और तहसील परिसर के आठ बीघे की जमीन पर सिर्फ पार्किंग बनायी जाएगी। तब यहां पर 50 की जगह 500 वाहनों को एक साथ खड़ा किया जा सकेगा। आगे चलकर यहां मल्टी पार्किंग भी बनाने की योजना है। इस महत्वाकांक्षी योजना की प्रक्रिया शनिवार से शुरू भी हो गई। दिन में एमडीडीए , जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने इसका स्थलीय निरीक्षण किया। जिसमें यह तय कर दिया गया कि तहसील कार्यालय डिस्पेंसरी रोड के एमडीडीए कांप्लेक्स के प्रथम तल पर शिफ्ट किया जाएगा। इससे घंटाघर तक वाहनों का दबाव खासा कम हो सकेगा। फिलहाल इन क्षेत्रों से होकर गुजरने वालों को कम से कम एक घंटे का अतिरिक्त समय खर्च करना पड़ रहा है।
एमडीडीए, प्रशासन मिलकर करेंगे काम
इस योजना पर जिला प्रशासन और एमडीडीए ने संयुक्त रूप से काम करना तय किया है। एमडीडीए वीसी आर मीनाक्षी सुंदरम, डीएम बीवीआरसी पुरुषोत्तम और एसएसपी केवल खुराना मौक पर जाकर दोनों जगहों को देखा और कार्यालय स्थानांतरित करने अंतिम फैसला किया। अधिकारियों ने बताया कि जनवरी 2013 में यह काम पूरा हो जाएगा।
एडीएम और एमडीडीए सचिव नोडल अधिकारी
कार्यालयों को शिफ्ट कराने के लिए अपर जिलाधिकारी (राजस्व एवं वित्त) झरना कमठान और एमडीडीए सचिव बंशीधर तिवारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जाम में फंसे वीसी, डीएम और एसएसपी
डिस्पेंसरी रोड स्थित कांप्लेक्स के निरीक्षण के लिए जाते हुए एमडीडीए वीसी, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जाम में फंसे रहे। यह देख मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियाें के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन जाम खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन इस कदर फंसे हुए थे कि कड़ी मशक्कत के बाद अधिकारियों को कांप्लेक्स तक पहुंचाया जा सका।