23 दिन पूर्व मोहल्ला अवध नगर निवासी व्यापारी से दिनदहाडे़ छह लाख रुपये की लूट का आरोपी कन्नौज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने व्यापारी से लूट के मामले में शामिल चार अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। पकड़ा गया लुटेरा कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला अवध नगर निवासी गल्ला व्यवसायी सोहन लाल लाहोटी 20 सितंबर को बैंक से छह लाख का कैश लेकर स्कूटर से घर जा रहे थे। तभी पल्सर सवार दो बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा थैला छीन लिया था। उक्त घटना के बाद लगातार कोतवाली पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी।
सोमवार देर रात कन्नौज पुलिस ने व्यापारी से लूट के आरोपी राजेश उर्फ टीटू निवासी मोहल्ला वंशीगोहरा मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलने के बाद मैनपुरी पुलिस ने राजेश से पूछताछ की। उसने बताया कि लूट की वारदात में उसके अलावा चार अन्य लोग भी शामिल थे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि लखीमपुर खीरी निवासी नीलू उर्फ नीलकमल भाटू और संजय भाटू निवासी पटेल नगर मुरादाबाद ने रेकी की थी। आरोपी राजेश लगातार निगरानी कर रहा था। व्यापारी के बैंक से निकलने के बाद काली पल्सर से दया उर्फ दयाप्रसाद भाटू निवासी लखीमपुर खीरी और सुनील भाटू निवासी पटेल नगर मुरादाबाद ने पीछा कर व्यापारी से रुपयों से भरा थैला लूटकर भाग गए थे। इस दौरान प्लेटिना बाइक से तीनों साथी लगातार पीछे चल रहे थे। कोतवाली पुलिस ने पकडे़ गए आरोपी को मैनपुरी लाकर पूछताछ करने की तैयारी शुरू कर दी है।