ऊंचाहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में चार बैंडबाजे वाले और एक लोडर चालक घायल हो गया। सड़क हादसे की घटना से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
सभी ने रायबरेली-इलाहाबाद राजमार्ग पर न सिर्फ जाम लगा कर आने जाने वालों को रोक दिया। यही नहीं उन पर पथराव भी किया, जिससे भगदड़ मच गई। जगतपुर पुलिस पहुंची तो उसे भी ग्रामीणों ने खदेड़ लिया। देर शाम तक हाईवे जाम था और ग्रामीण पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
ऊंचाहार थाना क्षेत्र के जीत का पुरवा मजरे इटौरा बुजुर्ग निवासी अमर बहादुर रात आठ बजे लोडर लेकर जगतपुर से ऊंचाहार की तरफ जा रहा था। गांव के पास ऊंचाहार से रायबरेली की तरफ जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली पर बैंडबाजा वाले सवार थे, जो मुंशीगंज भदोखर गई बारात में शामिल होने जा रहे थे।
घटना से वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में लोडर चालक अमर बहादुर और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार बैंडबाजा बजाने वाले रामसजीवन, निवासी गढ़ी इटौरा, शमशेर, देवतादीन, पूरे नोहर, संतोष निवासी उधवामऊ ऊंचाहार घायल हो गए। घायलों को ऊंचाहार और सीएचसी जगतपुर ले जाकर इलाज कराया गया।
लोडर चालक के घायल होने की सूचना मिलते ही जीत का पुरवा गांव के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पुरुष, महिलाओं ने हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पास अक्सर पुलिस की चेकिंग लगाई जाती है, जिसके चलते हादसा हुआ।
आए दिन चेकिंग से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। जगतपुर पुलिस पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने उसे भी खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने आने जाने वाले राहगीरों पर पथराव किया। एसपी हरिनारायण सिंह ने बताया कि सड़क हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने जाम लगाया है। ऊंचाहार, जगतपुर समेत थानों की फोर्स को मौके पर भेजा गया है।