फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी : अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, सरकारी हॉलमार्क लगा कर ठेकों पर करते थे सप्लाई

Fri, 22 Feb 2019 10:23 AM IST
Sayali Maurya न्यूज डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
1 of 7
liquor - फोटो : amar ujala
पूर्वांचल के देसी शराब ठेकों पर सरकारी हॉलमार्क लगाकर अवैध शराब बेची जा रही है। मंगलवार की रात क्राइम ब्रांच टीम ने वाराणसी के बड़ागांव थाना के बसनी गांव में छापेमारी कर अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया तो यह बात सामने आई। क्राइम ब्रांच ने मौके से एक स्कार्पियो, 450 शीशी अवैध देसी शराब, 50 बोतल अपमिश्रित अंग्रेजी शराब, 18 गैलन केमिकल, छह किलोग्राम यूरिया, सरकारी हॉलमार्क, रैपर, कार्टन, खाली शीशियां, ब्राउन चॉकलेट पाउडर सहित अन्य सामग्री बरामद की है। देखें आगे की स्लाइड्स में...
 
विज्ञापन

2 of 7
liquor - फोटो : amar ujala
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि मंगलवार की देर रात क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रकम सिंह के अपनी टीम के साथ बड़ागांव थाना क्षेत्र में चक्रमण कर रहे थे। इसी दौरान क्राइम ब्रांच प्रभारी को मुखबिर ने बताया कि अवैध शराब कारोबारी शिवशंकर सेठ इन दिनों बसनी निवासी संजय पासवान के घर पर अवैध शराब तैयार कराता है और जिले के साथ ही आसपास के जनपदों के सरकारी ठेकों पर सप्लाई करता है। 
 
विज्ञापन

3 of 7
अवैध शराब - फोटो : amar ujala
इस सूचना पर क्राइम ब्रांच ने संजय के घर छापेमारी की तो अवैध शराब की खेप तैयार कर रहे छह लोग हत्थे चढ़ गए और दो मौके से भाग निकले। पूछताछ के दौरान सामने आया कि सरगना शिवशंकर पर हत्या सहित अन्य आरोपों में आठ से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। हत्या के मामले में हाईकोर्ट से जमानत पाकर बाहर रह रहा शिवशंकर अवैध शराब का कारोबार कर रहा है। एसएसपी ने बताया कि शिवशंकर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। इस गिरोह को पंजीकृत कर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई का निर्देश इंस्पेक्टर बड़ागांव को दिया गया है। 

4 of 7
demo pic - फोटो : mau
एसपी (क्राइम) ज्ञानेंद्र के अनुसार, पूछताछ में पता लगा कि अवैध शराब बनाने के लिए एथाइल अल्कोहल मध्य प्रदेश से लाया जाता था। यहां एथाइल अल्कोहल, यूरिया, अजंता चॉकलेट ब्राउन पाउडर सहित अन्य सामग्री मिलाकर अवैध शराब तैयार की जाती थी। फिर सरकारी हॉलमार्क लगाकर विंडीज लाइम के नाम से वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर और आजमगढ़ जिले के देसी शराब के ठेकों पर बेची जाती थी। इस पर 20 रुपये खर्च आता था और 65 रुपये में बेचा जाता था। ज्यादा मुनाफा होने के कारण शिवशंकर ने ढाबा खोला, ट्रकें खरीदीं और अकूत संपत्ति बनाई। दूसरों के नाम से शिवशंकर ने शराब के ठेके भी जिले में ले रखे हैं। एसएसपी ने कहा कि शिवशंकर की संपत्तियां सीज कराई जाएंगी।
विज्ञापन

5 of 7
यूपी पुलिस
संजय के घर क्राइम ब्रांच की छापेमारी की सूचना पर बड़ागांव पुलिस भी पहुंच गई थी। क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब फैक्ट्री बड़ागांव पुलिस की मिलीभगत से चल रही थी। संजय के घर से कुछ ही दूर बसनी चौराहा पर पुलिस पिकेट है और महज दो किलोमीटर दूर बड़ागांव थाना है। ऐसे में पुलिस को अवैध शराब फैक्ट्री की जानकारी न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता है। आरोपियों के पास सरकारी हॉलमार्क कैसे आए, इसकी जांच हो रही है। इसमें आबकारी विभाग की भी मदद ली जाएगी।
विज्ञापन

6 of 7
हिस्ट्रीशीटर शिवशंकर सेठ के गिरोह के सदस्यों से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में 17 ठेकों पर अवैध शराब खपाई गई है। यह ठेके बड़ागांव, फूलपुर, चोलापुर, कपसेठी, रोहनिया और सिगरा थाना क्षेत्र में हैं। यह ठेके शिवशंकर और उसके करीबियों के बताए गए हैं। इनकी जांच के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्तटीम गठित की गई है। बता दें कि बीते दिनों सहारनपुर में अवैध शराब पीने के कारण 70 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद प्रदेश सरकार हरकत में आई और अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ  कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
सपा - फोटो : amar ujala
बसनी और आसपास के ग्रामीणों के अनुसार, शिवशंकर सेठ अवैध शराब कारोबार से लंबे समय से जुड़ा हुआ है। सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान पुलिस-प्रशासन को दबाव में लेने के लिए वह अपने वाहन पर सपा का झंडा लगाता था। साथ ही खुद को सपा नेता बताता था। हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित अन्य मामलों का आरोपी शिवशंकर जेल जाता रहा, लेकिन अवैध शराब कारोबार से उसका मोह भंग नहीं हुआ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें