दो दिन पूर्व रामपुरा के टिहरी गांव निवासी शिक्षक अनिल दीक्षित के घर पड़ी डकैती के मामले में पुलिस पड़ोसी हिस्ट्रीशीटर की तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो हिस्ट्रीशीटर के मकान का सहारा लेकर ही बदमाश शिक्षक के घर के भीतर घुसे। हिस्ट्रीशीटर कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया है। फिलहाल वह पुलिस की गिरफ्त से दूर है। इसके अलावा
पुलिस शिक्षक की पारिवारिक रंजिश भी खंगाल रही है। बता दें कि दो दिन पूर्व नकाबपोश बदमाशों ने अनिल के घर धावा बोलकर उन्हें गोली मारी थी। विरोध करने पर परिवार के ही चार अन्य सदस्यों को बुरी तरह से घायल भी कर दिया था। शुरुआती जांच में पुलिस ने पाया कि सबसे पहले बदमाश पड़ोस में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर के मकान की छत पर पहुंचे थे। यहीं से
उन्होंने अनिल के घर में घुसने का प्रयास किया था। हिस्ट्रीशीटर की तलाश के लिए पुलिस उसके रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों की माने तो अनिल के परिवार की एक युवती का अपने पति और ससुरालियों से विवाद भी चल रहा है। इस पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। ससुराल वालों की लोकेशन भी पता की जा रही है। अनिल के मकान के ठीक पीछे
एक किला भी बना हुआ है। यहां पर भी पुलिस ने गुरुवार को जांच पड़ताल की। पुलिस का मानना है कि हो न हो बदमाश वारदात से पहले अथवा बाद में सुनसान किले में जरूर आए होंगे।
पुलिस जल्द ही फोरेंसिक टीम बुलाकर किले की जांच कराएगी। शुक्रवार को रामपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घरवालों से अलग अलग पूछताछ की। एएसपी सुभाष शाक्य का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ भी लिया जाएगा। दूसरी ओर, प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के सुरेश त्रिपाठी ने भी एसपी से मुलाकात कर घटना के जल्द खुलासे की मांग की है।