सिद्धार्थनगर। घरवालों से नाराज युवती ने ट्रेन के सामने कूद कर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर युवती के चाचा को बुलाकर शिनाख्त कराई। युवती का नाम सदर थाना क्षेत्र के ग्राम रेहरा निवासी सुप्रिया (20) बताया जा रहा है। घटना क्षेत्र के कृष्णानगर वार्ड के पास मानवरहित रेलवे क्रासिंग व शनिवार की सुबह करीब नौ बजे की है। युवती का हाथ कट गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती सबेरे से ही घटनास्थल के पास घूम रही थी। रेलवे लाइन के दक्षिण में बने अंबेडकर पार्क में भी कुछ देर रही। उस समय पार्क में वार्ड के कुछ बच्चे खेल रहे थे। ट्रेन का हार्न सुनकर युवती धीरे-धीरे रेलवे लाइन की ओर बढ़ी। जैसे ही इंजन पास आया, युवती ने छलांग लगा दी।
काऊ कैचर में फंसने के कारण युवती पूर्ण रूप से कटने से बच गई। घटना को देखते ही बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। वार्ड के निवासियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोबरा टीम ने युवती को अस्पताल पहुंचाने के साथ शिनाख्त करने के लिए परिजनों को बुलाया। इस संबंध में एसओ सदर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि परिजनों को सूचित करके युवती की शिनाख्त करा ली गई है। इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।