ब्लॉक परिसर में बवाल के दौरान क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को नाथनगर ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत की बैठक के दौरान हुए बवाल के मामले में अलग-अलग कुल सात लोगों ने तहरीर दी है। एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रमुख शिवनाथ यादव की तरफ से दूसरे पक्ष के दिग्पाल पाल समेत 75 नामजद और 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
दूसरे पक्ष से पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख दिग्पाल पाल की तरफ से प्रमुख शिवनाथ यादव समेत 95 नामजद और 200 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। दोनों पक्षों की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर 170 नामजद और 670 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।एसओ ने आगे बताया कि इसी मामले में प्रमुख पक्ष की तरफ से सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव राम नरायन यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि सैकड़ों हथियाबंद भाजपा नेता और कार्यकर्ता गोलबंद होकर उनके घर में घुस आए और उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। इसके साथ ही उनकी तीन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
प्रमुख पक्ष के ही पूर्व सपा जिलाध्यक्ष के भतीजे हरिप्रसाद यादव और पूर्व विधायक अलगू प्रसाद चौहान ने भी अलग-अलग तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख दिग्पाल पाल की तरफ से उनके अलावा जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह ने भी तहरीर दी है। इसके अलावा पत्रकार रमेश दूबे ने भी ब्लॉक प्रमुख पक्ष के लोगों पर मोबाइल छीन लेने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। सभी तहरीरें एक ही घटना से संबंधित होने के कारण उन्हें उसी मुकदमे में जोड़ लिया जाएगा। एएसपी अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि घटना में कुल सात लोगों ने तहरीर दी हैं।