शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरहाई मजरा अस्यौली में रविवार रात घर से कुछ दूर निर्माणाधीन मकान में सोए किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह पुत्र वहां पहुंचा तो पिता का शव देखकर उसके होश उड़ गए। उसने गांव निवासी पिता-पुत्र पर रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक के पुत्र ने घटना की वजह भूमि विवाद को लेकर आरोपी के भाई की पैरवी करना बताई है। पुलिस का कहना है कि फरार पिता-पुत्र की तलाश की जा रही है।
नरहाई निवासी श्रीराम (55) पुत्र भूधर किसान था। गांव स्थित मकान से लगभग 50 मीटर दूर उसका प्लाट है। इसमें निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार रात श्रीराम यहीं छप्पर के नीचे सोया था। सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे श्रीराम का पुत्र कुलदीप उसे जगाने पहुंचा तो तख्त पर खून से लथपथ उसका शव पड़ा था। श्रीराम के सीने पर गोली मारी गई थी। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कुलदीप से पूछताछ की। कुलदीप ने बताया कि गांव निवासी राजेश उर्फ पप्पू का अपने भाई से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। श्रीराम राजेश के भाई की पैरवी करता था। 10 दिन पहले राजेश ने पुत्र अक्षय के साथ श्रीराम को विवाद में न पड़ने और अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। कुलदीप की तहरीर पर शहर कोतवाली में दोनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।