घायल बदमाश को अस्पताल ले जाती पुलिस।
- फोटो : संवाद
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सीआईए-2 की टीम और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। तिगरी से जांबा की ओर जाने वाली सड़क पर दोनों तरफ से गोलियां चली। मुठभेड़ में हुई गोलीबारी में एक बदमाश की टांग में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल बदमाश की पहचान जिला करनाल के रंबा गांव निवासी रवि उर्फ निंजा (25) के रूप में हुई है। दूसरा आरोपी गांव कवारखेड़ी का रहने वाला शंटी है।
सीआईए-2 के प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि करनाल में शराब के ठेके पर फायरिंग की घटना में शामिल दो बदमाश तिगरी-जांबा रोड पर बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार चेहरे को ढक हुए घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने उनका पीछा शुरू किया। बदमाशों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल स्किड हो गई। पुलिस ने उन्हें आत्म समर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन रवि ने पिस्टल से पुलिस पर दो से तीन राउंड फायर कर दिए। जवाबी कार्रवाई में रवि की टांग में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने रवि और शंटी को काबू कर लिया।
मोहन लाल ने बताया कि रवि और शंटी दोनों आपस में दोस्त हैं और उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। करनाल में शराब के ठेके पर फायरिंग की घटना में इनके दो अन्य साथियों को करनाल पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर पिहोवा में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की जांच की जा रही है।