अपनी मां से मिलने सूर्यनगर गांव पहुंची जस्टिस की पत्नी की कार में मंगलवार सुबह आग लग गई। ड्राइवर ने बाहर निकलकर किसी तरह जान बचाई। कार में सवार नहीं होने से जस्टिस की पत्नी भी बाल-बाल बच गईं।
मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के पूरे शिवा तिवारी गांव निवासी एसएन शुक्ल हाईकोर्ट लखनऊ के जस्टिस हैं। उनकी पत्नी केशकुुमारी महाशिवरात्रि पर्व पर घर आईं थीं। मंगलवार की सुबह वे कार से चालक सुशील दीक्षित के साथ अपने मायके शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के सूर्यनगर गांव मां से मिलने पहुंची थीं।
करीब 11 बजे केशकुमारी मां से मिलकर वापस जाने के लिए तैयार हुईं। उनके चालक ने जैसे ही कार को स्टार्ट किया, उसमें आग लग गई। चालक ने बाहर कूदकर किसी तरह जान बचाई। यह हादसा केशकुमारी के कार में सवार होने से पल भर पहले हुआ, जिससे वे बाल-बाल बच गईं। चालक के मुताबिक कार में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है।