अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं रहीं। बाइक सवार स्नैचर्स ने मंगलवार को शास्त्रीनगर में सर्विस टैक्स डिपार्टमेंट के राजपत्रित अधिकारी की पत्नी से मंगलसूत्र लूट लिया। वह मेन गेट का ताला खोल रही थीं।
इसी दौरान पीछे से आए बदमाशों ने वारदात की। लुटेरों की तस्वीर पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस लुटेरों को बाइक और हुलिए के आधार पर ट्रेस करने में जुटी है।
सर्र्विस टैक्स डिपार्टमेंट में सुपरिंटेंडेंट के पद पर कार्यरत प्रमोद शर्मा पत्नी ह्रदेश शर्मा (58) के साथ रहते हैं। वह गाजियाबाद में ही तैनात हैं। प्रमोद शर्मा ने बताया कि पत्नी ह्रदेश शर्मा घर के पास ही बने मंदिर में कीर्तन से दोपहर करीब 12:20 बजे लौटीं।
प्रसाद चौखट पर रखकर वह ताला खोलने लगीं। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर मंगलसूत्र लूट लिया। ह्रदेश का शोर सुनकर पड़ोसी घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक बदमाश भाग गए।
प्रमोद ने बताया कि पास के ही एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी में लुटेरों की तस्वीर कैद हो गई है। एसएचओ कविनगर अशोक सिसौदिया ने बताया कि दो टीमें स्नैचर्स की तलाश में जुटी हैं।