नौबस्ता के केशव नगर में बृहस्पतिवार को पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता बालचंद्र मिश्रा के घर के सामने शरारती तत्वों ने दईमार बम फोड़े। जोरदार धमाकों से लोगों में दहशत फैल गई।
पूर्व मंत्री ने बताया कि शाम करीब चार बजे उनका ड्राइवर घर के बाहर गेट पर खड़ा था। इसी दौरान दो स्कूटी से चार युवक वहां आए। एक स्कूटी पर सवार युवकों ने घर के सामने एक के बाद एक दो बम फोड़े और भाग निकले। पूर्व मंत्री के मुताबिक उन्होंने नौबस्ता इंस्पेक्टर को सूचना दी। इसके बाद उस्मानपुर चौकी प्रभारी फोर्स के साथ पहुंचे और छानबीन की। पूर्व मंत्री ने बताया कि जम्मू कश्मीर के उड़ी में हुए आतंकी हमले के विरोध में बर्रा के शास्त्री चौक और विजय नगर चौराहे पर भाजपा की ओर से होर्डिंग लगाई गई हैं। इसमें कुछ नामों को लेकर कुछ लोग नाराज हैं। उधर, इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी का कहना है कि शरारतीतत्वों को जल्द ही दबोच लिया जाएगा।