बाजार से खरीददारी कर बाइक से घर लौट रहे किसान को तेज गति से खनन लेकर आ रहे डंपर ने कुचल दिया। गंभीर रुप से घायल बाइक सवार को आनन-फानन में खटीमा सीएचसी में भर्ती करवाया गया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके पर डंपर छोड़ कर फरार हो गया। हादसे के दौरान किसान हेलमेट पहनने के बजाय बाइक पर लटकाकर जा रहा था। डाक्टरों के अनुसार बाइक सवार की मौत सिर पर चोट लगने के कारण हुई है। अगर वह हेलमेट पहने होता, तो उसकी जान बच सकती थी।
शुक्रवार को गिधौर निवासी सुच्चा सिंह (55) पुत्र शमशेर सिंह बाइक (यूके 06एडी-0398) से खटीमा से खरीददारी कर घर वापस लौट रहा था। जंगल जोगीठेर के मोड़ पर नानकमत्ता से खटीमा की तरफ तेजी से जा रहे खनन से लदे डंपर (यूके04सीए-8801) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए। गंभीर रुप से घायल बाइक सवार को खटीमा सीएचसी में भर्ती करवाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके पर ही डंपर छोड़ कर फरार हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर प्रतापपुर चौकी के पुलिस कर्मी पहुंचे गए। पुलिस ने डंपर व बाइक को अपने कब्जे में ले चौकी ले आई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी गुरमीतो कौर, पुत्र बलविंदर सिंह, संदीप सिंह, पुत्री कैलाश कौर, शीला कौर का रो रोकर बुरा हाल है।