संभल। खुद को केंद्रीय सतर्कता आयोग का सदस्य बताकर सूचनाएं मांगने वाले एक व्यक्ति पर कानून का शिकंजा कसा है। उसके खिलाफ बुधवार को कोतवाली संभल में रिपोर्ट दर्ज की गई। कोतवाली पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आलमसराय निवासी करन सिंह कोतवाली पुलिस से शहजादी सराय निवासी एक व्यक्ति के मामले में लगातार सूचनाएं मांग रहा था। यह मामला जब अपर पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आया तो उन्होंने कोतवाली पुलिस को जांच के आदेश दिए। इस पर केंद्रीय सतर्कता आयोग से सत्यापन कराया गया। सत्यापन में स्पष्ट हो गया कि करन सिंह, केंद्रीय सतर्कता आयोग का सदस्य नहीं है। इसके बाद कोतवाली पुलिस के उप निरीक्षक रामेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि केंद्रीय सतर्कता आयोग के लेटर हेड का इस्तेमाल सिफारिशों में भी किया जाता था। आयोग में यह व्यक्ति सदस्य नहीं है। इसकी जानकारी आयोग ने लिखित में दी है। इसके बाद ही कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।