विवाहिता की गला दबाकर हत्या
खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र के ज्ञानलोक कॉलोनी में दहेज की खातिर ससुराल वालों ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के चाचा ने पति और सास पर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुट गई है।
संभल के थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव साभ निवासी सतीश चंद्र पुत्र रामरत्न ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी भतीजी चेतना (23) पुत्री नीरज से गांव के ही शिवम पुत्र मोतीराम ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही चेतना अपने पति और सास के साथ खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के ज्ञानलोक कालोनी में किराए के मकान में रहने लगी। आरोप है कि पति शिवम दहेज के लिए चेतना को प्रताड़ित करता था। आरोप है कि बुधवार रात पति और सास ने मिलकर चेतना की गला दबाकर हत्या कर दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद कॉलोनी में विवाहिता की मौत को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मृतका के चाचा की तहरीर के आधार पर पति शिवम और सास संगीता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।