वापस लौटी छात्रा ने मां पर लगाए आरोप
पलवल। शुक्रवार को घर से बिना बताए गई नौंवीं कक्षा की छात्रा ने वापस लौट कर महिला पुलिस थाने में अपनी मां पर आरोप लगाए। उसने कहा कि उसकी मां उसे मारना चाहती है। शहर थाना पुलिस ने छात्रा के लापता होने का मामला दर्ज किया हुआ है। शहर थाना एसएचओ संतोष कुमार ने बताया कि शुक्रवार को करीब साढ़े 10 बजे पंचवटी कालोनी से 9 वीं कक्षा की छात्रा अचानक लापता हो गई। छात्रा की मां के बयान पर पुलिस ने लापता होने का केस दर्ज कर लिया। छात्रा शनिवार सुबह हथीन गेट पुलिस चौकी पहुंची। छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से एक लड़के के साथ गई थी। छात्रा की मां ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। जबकि छात्रा ने दुष्कर्म से इंकार किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है और गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। ब्यूरो
लापता छात्रा ने दिए दो अलग-अलग बयान
पलवल। गुरूवार को घर से कपड़े बदलने के लिए बाजार गई 11वीं कक्षा की लापता छात्रा के होश में आने पर पुलिस ने बयान दर्ज किए। छात्रा को 28 जून की शाम को करीब 6 बजे बेहोशी की हालत में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती करवाया गया था। अभी तक इस मामले में पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया है।
शहर थाना एसएचओ संतोष कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली की 11वीं क्लास की छात्रा घर से कपड़े बदलने के लिए सराय मार्केट गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। छात्रा के परिजनों ने बताया कि उन्हें 28 जून की सायं के करीब साढे़ 6 बजे सूचना मिली की उनकी बेटी को एक नर्सिंग होम में बेहोशी की अवस्था में भर्ती करवाया गया है। छात्रा को दो घंटे बाद नर्सिंग होम से बेहोशी की अवस्था में रेफर कर दिया गया और उसके परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवा दिया। शनिवार को होश में आने के बाद छात्रा ने पुलिस को बयान दिए। पुलिस का कहना है कि छात्रा ने जो बयान दर्ज करवाए हैं उन्हें लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। छात्रा ने अपने बयानों में अलग-अलग बातें बताई हैं इसी कारण पुलिस उसके बयानों को लेकर गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने ये भी बताया कि उसके हाथ की नसें भी कटी हुई हैं। उसके साथ रेप हुआ है या नहीं इसके लिए मेडिकल जांच करवाई जाएगी। अभी तक केस दर्ज नहीं किया गया है।