लीड
बैंडबाजे की रेहड़ी में बने बक्से में मिला शव
-पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ किया हत्या मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गीता कॉलोनी में बैंडबाजे की रेहड़ी में बने बक्से से एक युवक का शव मिला है। शव की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पलवल नागिरक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। रेहड़ी में शव मिलने के बाद शहर के लोगों में सनसनी फैल गई है। दोपहर बाद शव की शिनाख्त तुहीराम कॉलोनी निवासी संदीप उर्फ सन्नी पुत्र समय सिंह के रूप में की गई है। शिनाख्त होते ही शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
शहर थाना प्रभारी सबइंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि गीता कॉलोनी स्थित गंदे नाले के पास खाली पड़े प्लॉट में खड़ी बैंडबाजे वाली रेहड़ी में किसी युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो कमल बैंड के नाम से खड़ी रेहड़ी के बक्से में एक युवक का शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके मौजूद तो लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि नाले के पास कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। खेलते समय गेंद रेहड़ी के पास पहुंच गई। गेंद लेने गए एक बच्चे ने रेहड़ी में बने बक्से पर लगी कुंडी को खोल दिया। दरवाजा खोलते ही शव को देखकर बच्चा घबरा गया तथा चिल्लाना शुरू कर दिया। बच्चे का शोर सुनकर आए टीटू साउंड के मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए बताया कि जहां शव मिला है उससे 50 मीटर की दूरी पर टैक्सी- स्टैंड पर लगे एक पानी के नल पर भी खून के धब्बे लगे मिले है। उन्होंने बताया कि हत्या कर शव को रेहड़ी में बने बक्से में डालकर कुंडी लगाई गई है।
बस अड्डा पुलिस चौकी प्रभारी प्रीतम सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त तुहीराम कॉलोनी निवासी संदीप उर्फ सन्नी के रूप में की गई। उसके पिता समय सिंह ने पुलिस को बताया है कि संदीप शनिवार की देर शाम एक कार्यक्रम में गया था, लेकिन रात को घर नहीं लौटा। उसके परिजनों ने संदीप की हत्या का आरोप लगाया है। मुकदमा अब मृतक के पिता समय सिंह के बयान पर दर्ज कर लिया गया है।
कंपनी में ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मौत
पलवल। गांव बघौला स्थित पूजा फोरजिंग कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने मृतक के पुत्र के बयान पर कंपनी के दो अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
सदर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि फरीदाबाद के इंदिरा नगर निवासी 40 वर्षीय फूलचंद बघौला स्थित पूजा फोरजिंग कंपनी में कार्यरत थे। शनिवार को फूलचंद काम करते समय कंपनी में बने टीन शेड से गिर गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शनिवार शाम को कंपनी के कुछ लोग उनके पिता के शव को उनके घर पर छोड़कर बिना बताए वापस लौट आए। जब कंपनी के अधिकारियों से बात की गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस ने मृतक फूलचंद के पुत्र सोनी के बयान पर कंपनी एचआर देवेंद्र व अनिल तथा ठेकेदार समीर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो