संभल। कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नौकरी में आए चार परिषदीय शिक्षकों को बर्खास्त तो पहले ही किया जा चुका है। अब इनके खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज हो सकती है। इस संबंध में बीएसए ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों के नाम आदेश जारी कर दिए हैं। अगर कोर्ट के आदेशों से कोई बाधा नहीं हुई तो संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो जाएगी।
जिले के परिषदीय विद्यालयों में सेवारत शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच कराई गई थी। शैक्षिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्रों के सत्यापन के बाद चार शिक्षकों के प्रमाण पत्रों में हेराफेरी सामने आई थी। इसके बाद विभाग ने इन्हें जून में बर्खास्त किया है। बर्खास्तगी के खिलाफ कुछ शिक्षक कोर्ट चले गए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि बर्खास्तगी जून में ही की जा चुकी थी लेकिन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत जब सूचना मांगी गई तब उसका जवाब दाखिल किया गया है। इसमें बर्खास्तगी की बात को विभाग ने स्वीकार किया है। अब आगे की कार्रवाई एफआईआर की है। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारियों के लिए निर्देश जारी किए जा चुके हैं।