हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीमित ओवर की सीरीज में सफलता प्राप्त करने वाली भारतीय महिला टीम 19 जुलाई से श्रीलंका में होने वाले एशिया कप के लिए तैयार है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का मानना है कि भारतीय महिला टीम हर मैच को जीतने के इरादे से मैदान पर उतरती है और इस महीने के अंत में पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मैच के दौरान भी उसका यही लक्ष्य होगा। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाला कोई भी मुकाबला दबाव से भरा होता है लेकिन हरमनप्रीत ने कहा कि वह इसे किसी अन्य मैच की तरह ही लेती हैं।
भारत का हौसला बढ़ा
भारत ने हाल ही में घरेलू सरजमीं पर दक्षिण अफ्रीका को तीन मैचों की वनडे सीरीज और एकमात्र टेस्ट में हराने के बाद टी20 सीरीज को 1-1 की बराबरी पर खत्म किया। दक्षिण अफ्रीका पर मिली जीत से भारतीय टीम का हौसला बढ़ा हुआ है। भारतीय टीम अब एशिया कप में चुनौती पेश करेगी। भारतीय टीम दांबुला में चिर-परिचित पाकिस्तान के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।
'पाकिस्तान के खिलाफ मैच का दबाव हावी नहीं होने देंगे'
हरमनप्रीत ने कहा कि कप्तान के तौर पर यह उनकी जिम्मेदारी है कि वह ऐसे मैचों के दौरान अपनी टीम पर दबाव हावी नहीं होने दे। हरमनप्रीत ने कहा, अभी हमारा दृष्टिकोण कुछ ऐसा है कि हम सभी मैचों को समान महत्व दे रहे हैं। सभी हर मैच को जीतने की कोशिश करते हैं और हमें लगता है कि एक टीम में यही होना चाहिए। टीम में हर कोई यही महसूस कर रहा है। जब आप पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हैं तो दोनों देशों में एक अलग माहौल होता है। दोनों देश चाहते हैं कि उनकी टीम जीते। एक खिलाड़ी के रूप में हमारे ऊपर बहुत दबाव है, लेकिन एक कप्तान के रूप में यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं अपनी टीम को उस माहौल में तनाव से दूर रखूं ताकि वे यह न सोचें कि हम पाकिस्तान के खिलाफ खेल रहे हैं या यह दबाव है।
मध्यक्रम की बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा कि टीम महिला एशिया कप में अपनी संभावनाओं को लेकर उत्साहित है। दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने कहा, टीम में उत्साह बहुत अधिक है। यह एक अच्छा एहसास है, लेकिन उससे भी अधिक यह जानना बहुत प्रेरणादायक है कि हर बार जब हम मैदान पर उतरते हैं, तो हम जानते हैं कि हमें टीम के हर खिलाड़ी का समर्थन प्राप्त है। हम जानते हैं कि अगर हम अच्छी तैयारी करेंगे तो हम वहां जाएंगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।