भारतीय टीम को टी20 विश्व कप के तुरंत बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए जिंबाब्वे का दौरा करना है। इस सीरीज से ठीक पहले जिंबाब्वे ने जस्टिन सैमंस को टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। सैमंस डेव हॉटन की जगह टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे जिन्होंने अमेरिका और वेस्टइंडीज में चल रहे टी20 विश्व कप के लिए जिंबाब्वे के क्वालिफाई नहीं कर पाने के बाद अपने पद से इस्तीफा दिया था। सैमंस दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजी कोच रह चुके हैं।
विज्ञापन
इयोन इब्राहिम होंगे सहायक कोच
सैमंस का कार्यकाल छह जुलाई से हरारे में भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच से शुरू होगा। जिंबाब्वे के पूर्व बल्लेबाज डियोन इब्राहिम सहायक कोच होंगे। वह न्यूजीलैंड की सीनियर पुरुष टीम के सहयोगी स्टाफ का हिस्सा हैं। जिंबाब्वे क्रिकेट के अध्यक्ष तावेंग्वा मुकुहलानी ने एक बयान में कहा, हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि जस्टिन जिंबाब्वे की सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच होंगे। उनके पास कोचिंग का अपार अनुभव है और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में कई युवा प्रतिभाओं को तलाशा और तराशा है।