भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में यशस्वी जायसवाल ने दमदार प्रदर्शन कर कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। भारत की पहली पारी में युवा बल्लेबाज ने 209 रनों की शानदार पारी खेलकर अपना नाम विनोद कांबली और सुनील गावस्कर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर लिया। जायसवाल 200 रनों का स्कोर बनाने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ये कारनामा 22 वर्ष और 37 दिन की उम्र में कर दिखाया है। इस लिस्ट में विनोद कांबली शीर्ष दो स्थानों पर हैं। उन्होंने 21 साल और 32 दिन की उम्र में दोहरा शतक लगाया था। कांबली और जायसवाल का मुंबई के आजाद मैदान से एक खास कनेक्शन है।
दोनों खिलाड़ियों ने की मुंबई से शुरुआत
बता दें कि भारत के लिए 1993 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले विनोद कांबली का जन्म मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत मुंबई की घरेलू टीम से की। वहीं, उत्तर प्रदेश में जन्म लेने वाले यशस्वी जायसवाल ने भी अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत मुंबई की टीम से की। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका मिला। कांबली और जायसवाल के बीच कई समानताए हैं। दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के साथ-साथ एक ही मैदान से ताल्लुक रखते हैं। दोनों खिलाड़ियों ने मुंबई के आजाद मैदान में काफी प्रैक्टिस की। यहीं से जायसवाल को भारत के लिए खेलने की प्रेरणा मिली।
मुंबई के आजाद मैदान से जुड़ा है जायसवाल और कांबली का कनेक्शन
ये वही मैदान है जिस पर कांबली ने महान बल्लेबाज और अपने बचपन के साथी सचिन तेंदुलकर के साथ रिकॉर्ड तोड़ 664 रन की साझेदारी करके इतिहास के पन्नों किताबों में अपना नाम दर्ज कराया था। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कांबली ने नाबाद 349 रन बनाए, जबकि चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे तेंदुलकर 329 रन बनाकर नाबाद रहे थे। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 664 रन जोड़े। पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने अपने टेस्ट करियर में दो दोहरे शतक लगाए, वहीं यशस्वी भी अपने करियर की शुरुआत में दोहरा शतक लगाने में कामयाब हुए हैं।