भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (24*) और सलामी बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स (33) की मदद से मेलबर्न रेनेगेड्स ने महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) मैच में मेजबान होबार्ट हरिकेंस को छह विकेट से हरा दिया।
मेलबर्न को 122 रन का लक्ष्य मिला था। जेमिमा और कप्तान सोफी मोलिनेक्स (16) ने पहले विकेट के लिए 22 रन की साझेदारी की। रोड्रिग्स ने दूसरे विकेट के लिए कर्टनी वेब (31) के साथ 68 रन की साझेदारी की। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया।
हालांकि सात रन के अंदर तीन विकेट गिरने से टीम परेशानी में आ गई लेकिन हरमनप्रीत ने 19 गेंद में एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद पारी खेलकर चार गेंद शेष रहते हुए टीम को जीत दिला दी।
हरमनप्रीत ने गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 20 रन खर्च कर एक विकेट लिया। उन्होंने भारतीय विकेटकीपर रिचा घोष को उस वक्त पवेलियन भेजा जब वह बड़े शॉट लगाने के बाद खतरनाक दिख रही थीं। रिचा ने 14 गेंद में एक छक्के और दो चौके की मदद से 21 रन बनाए थे।
दीप्ति और मंधाना का फीका प्रदर्शन
अन्य मैच में एडिलेड स्ट्राकर्स ने सिडनी थंडर्स को 30 रन से हरा दिया। एडिलेड ने सात विकेट पर 140 रन बनाए लेकिन सिडनी 110 पर आउट हो गई। सिडनी की ओर से स्मृति मंधाना और दीप्ति ने चार-चार रन बनाए। दीप्ति ने गेंदबाजी में चार ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया।