किंग्स्टन के सबीना पार्क में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 217 रन बनाए थे। मेहमान टीम की पहली इंनिंग्स में फवाद आलम 56 और फहीम अशरफ 44 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे। वहीं कैरेबियन टीम की तरफ से जेडन सील्स और जेसन होल्डर ने 3-3 विकेट लिए।
पाकिस्तान की पहली पारी के जवाब में वेस्टइंडीज ने अपनी पहली इनिंग्स में 253 रन बनाए। कैरेबियाई टीम के लिए कप्तान क्रैग ब्रैथवेट 97 और जेसन होल्डर ने 58 रनों की पारी खेली। इस तरह मेजबानों को पहली पारी के आधार पर 36 रनों की बढ़त मिली। पाकिस्तान की तरफ से शाहीन शाह अफरीदी ने चार और मोहम्मद अब्बास ने तीन विकेट झटके।
इसके बाद पाकिस्तान दूसरी पारी में कुछ खास नहीं कर पाया और पूरी टीम 203 रनों पर ढेर हो गई। दूसरी इंनिंग्स में मेहमानों की तरफ से बाबर आजम टॉप स्कोरर रहे उन्होंने 54 रनों की पारी खेली। उनके अलावा आबिद अली 34 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी पारी में पाकिस्तान को 203 रनों पर समेटने में वेस्टइंडीज के तूफानी गेंदबाज जेडन सील्स में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने खतरनाम गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। जबकि केमार रोच ने तीन खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई।
168 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहला विकेट चार रनों पर गिर गया। सलामी बल्लेबाज कीरेन पॉवेल 4 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद क्रैग ब्रैथवेट भी ज्यादा देर नहीं टिके और वह 2 रन बनाकर चलते बने। इस दौरान पाकिस्तान के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कैरेबियन टीम को एक के बाद एक लगातार झटके दिए। एक वक्त ऐसा लगा कि पाकिस्तान आराम से यह मुकाबला जीत लेगा। मेहमान टीम की ओर से शाहीन शाह अफरीदी ने चार हसन अली ने तीन खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाया।
लेकिन मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने आए जर्मेन ब्लैकवुड ने अर्धशतकीय पारी खेलकर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके बाद रही सही कसर केमार रोच ने पूरी कर दी उन्होंने 30 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को मैच जिता दिया। वेस्टइंडीज ने यह लक्ष्य एक विकेट शेश रहते हासिल किया। मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले जेडन सील्स को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।