उत्तर प्रदेश से आने वाले एक अनजान खिलाड़ी समीर रिजवी ने आईपीएल 2024 के ऑक्शन में कमाल दिखाया। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा। इस ऑक्शन से पहले तक शायद ही कोई समीर को जानता था, लेकिन नीलामी में करोड़पति बन इस खिलाड़ी ने तहलका मचा दिया। समीर के लिए नीलामी में कुछ टीमों के बीच जबरदस्त लड़ाई हुई, लेकिन आखिर में सीएसके यह जंग जीतने में कामयाब रही।
आरपी सिंह ने भी समीर को दाएं हाथ का रैना बताया था
- फोटो : सोशल मीडिया
समीर को यूपी की टीम में उनकी बल्लेबाजी के लिए सुरेश रैना 2.0 कहा जाता है। वह छक्के लगाने में माहिर हैं और ऐसा कहा जा रहा है कि चेन्नई की टीम में उन्हें फिनिशर की भूमिका दी जाएगी। यानी सीएसके में वह उस भूमिका में दिख सकते हैं, जिसमें टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दिखते हैं। उन्हें धोनी का रिप्लेसमेंट माना जा रहा है और यह देखना दिलचस्प होगा कि वह आईपीएल 2024 में कैसा प्रदर्शन करते हैं।
द्रविड़ के साथ समीर
- फोटो : सोशल मीडिया
समीर ने कम उम्र में ही अंडर-19 टीम इंडिया में जगह बना ली थी। समीर ने बताया कि उनके पिता हसीन लोहिया एक प्रापर्टी डीलर है। समीर के मुताबिक उनके अंदर क्रिकेट का जुनून उनके मामा तनकीब से आया। समीर जब सात साल के थे उनके मामा उन्हें मेरठ के गांधी बाग में क्रिकेट खेलने के लिए ले जाते थे और इस खेल की बारीकियां समझाते थे। समीर ने बताया कि फिर मैंने इस खेल को अपना लक्ष्य बना लिया और ज्यादा से ज्यादा समय क्रिकेट को देना शुरू कर दिया। सुबह से लेकर शाम तक सिर्फ क्रिकेट ही क्रिकेट दिमाग में चलता रहता है।
समीर रिजवी
- फोटो : सोशल मीडिया
परिजनों ने भी दिया साथ
समीर ने अपने क्रिकेट करियर में सिर्फ यूपी ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी आयोजित कई टूर्नामेंट, ट्रॉफी खेलीं। उन्होंने हर जगह अपनी शानदार बल्लेबाजी का कमाल दिखाया। समीर ने यूपी के लिए अंडर-16 में खेलते हुए सात मैचों में शानदार 610 रन बनाए थे। उनकी लगातार बल्लेबाजी करने की क्षमता, शॉट मारने के स्टाइल को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें भारत की अंडर-19 टीम के लिए चुना था। अब वह आईपीएल में धमाल कर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की कोशिश करते दिखेंगे। समीर दाएं हाथ से ऑफ स्पिन बॉलिंग भी कर सकते हैं। उन्होंने अब तक 11 लिस्ट-ए मैचों में समीर ने 29.28 की औसत से 205 रन बनाए हैं। सभी तरह की लीग को मिलाकर 11 टी20 मैचों में उन्होंने 49.16 की औसत और 134.70 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 295 रन बनाए हैं।
समीर रिजवी
- फोटो : सोशल मीडिया
समीर के परिवार में पिता हसीन लोइया, मां रुखसाना, एक बड़ा भाई हसीन रिजवी और दो बहने हैं। परिवार में क्रिकेट खेलने को लेकर सभी का समर्थन मिला। सभी ने उन्हें प्रोत्साहित ही किया। समीर का कहना है कि मामा कोच तनकीब ने उन्हें यहां तक पहुंचाया है। अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जलवे बिखेरने को तैयार हैं। 20 साल के समीर रिजवी ने यूपी टी20 लीग में कानपुर सुपरस्टार्स के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाए थे। उन्होंने नौ पारियों में दो तूफानी शतकों की मदद से 455 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें तीन फ्रेंचाइजियों ने ट्रायल के लिए बुलाया था।
समीर रिजवी
- फोटो : सोशल मीडिया
हालांकि, यूपी की अंडर-23 टीम के साथ प्रतिबद्धताओं के कारण रिजवी को ट्रायल से दूर रहना पड़ा था, लेकिन उन्होंने अंडर-23 टीम के लिए राजस्थान के खिलाफ वनडे मैच में 65 गेंदों में 91 रन बनाकर अपनी क्षमता की झलक दिखा दी। रिजवी ने इसके बाद फाइनल में 50 गेंदों में 84 रन पारी खेल कर टीम को चैंपियन बना दिया था। समीर को यूपी की टीम में दाएं हाथ का सुरेश रैना भी कहा जाता है। उनके खेलने का स्टाइल रैना जैसा ही है। रैना पहले सीएसके की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। 8.40 करोड़ रुपये में बिकने के साथ ही समीर सबसे महंगे अनकैप्ड प्लेयर्स की टॉप-10 की लिस्ट में भी शामिल हो गए।