फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विंडीज के नाम 'दुर्लभ' कीर्तिमान, जिसे भारत भी नहीं बना सका

Mon, 15 Sep 2014 08:56 AM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
वेस्टइंडीज इस समय अपनी धरती पर बांग्लादेश की टीम के साथ टेस्ट सीरीज खेल रही है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज में मेजबान टीम पहले मैच में बड़ी जीत के साथ 1-0 से आगे है।
विज्ञापन


लेकिन जब वह बांग्ला टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में खेलने उतरेगी तो एक ऐसा कीर्तिमान रच देगी जो टीम इंडिया भी इससे कोसो दूर है।

करीब दो दशक पहले तक क्रिकेट में एकछत्र राज करने वाली वेस्टइंडीज टीम टेस्ट क्रिकेट में एक अनोखा मुकाम छुने के बेहद करीब है। हालांकि मेजबान टीम जब कीर्तिमान बना रही होगी तो उसके धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल मैच नहीं खेल रहे होंगे क्योंकि वह चोटिल होने के कारण मैच से बाहर हैं।

सिर्फ तीसरी टीम होगी इस मुकाम को छूने वाली

वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच होने वाला दूसरा टेस्‍ट मैच कैरेबियाई टीम के लिए 500वां टेस्ट मैच होगा। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में वेस्टइंडीज से पहले सिर्फ दो टीमें ही इस मुकाम को छू सकी हैं और वे दो टीमें हैं इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया।

सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने ‌का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम दर्ज है जिसने अब तक 952 टेस्ट मैच खेले हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 767 टेस्ट खेले हैं।

यह सही है कि पिछले 2 दशक में विंडीज टीम को टेस्ट क्रिकेट में जश्न मनाने के बहुत ज्यादा मौके नहीं मिले हैं लेकिन इससे पहले का उनका सफर बेहद शानदार रहा था। विंडीज ने अपने टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत 23 जून, 1928 को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेलकर की थी। हालांकि इस मैच में उसे एक पारी और 58 रन से हार का सामना करना पड़ा था। अगले 2 मैच भी वे इसी बड़े अंतर से हार गए।

विदेशी धरती पर ऑस्ट्रेलिया में जीता पहला मैच

हार से शुरुआत करने के बावजूद विंडीज ने जल्द ही जीत की लय पकड़ ली। अपने प्रदर्शन में तेजी से सुधार लाते हुए वेस्टइंडीज ने अपने छठे टेस्‍ट मैच में ही पहली जीत दर्ज करा ली। 1930 में कैरेबियाई टीम ने अपनी धरती पर इंग्लैंड को 289 रनों से हराते हुए जीत का खाता खोला।

जबकि उसे विदेशी धरती पर पहली जीत 1931 में मिली, जब उसने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया और सिडनी में कंगारू टीम को हराया। यह उसका विदेशी धरती पर आठवां टेस्ट मैच था। लेकिन डॉन ब्रेडमैन की टीम ने पांच मैचों की सीरीज में शुरुआती चारों मैच जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बना ली थी। विंडीज ने पांचवां मैच 30 रन से जीता था।

कैरेबियंस ने अब तक कुल 499 टेस्ट मैच खेले जिसमें उसने 162 मैच जीते, जबकि 168 मैचों में हार मिली है। 168 मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए।

सौ-सौ मैच के डाटा पर एक नजर

विंडीज टीम की शुरुआत हार से हुई थी लेकिन उसने जल्द ही लय पकड़ ली। अगर हर सौ-सौ टेस्ट मैच के आंकड़े के आधार पर तुलना की जाए तो उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 201 से 300 टेस्‍ट मैच के बीच था, जो नवंबर, 1980 से दिसंबर, 1993 के बीच खेला गया। इस सौ टेस्ट मैच में उसने 53 मैच जीते, जबकि सिर्फ 13 में ही हार मिली थी।

आंकड़े
0-100 टेस्ट मैच में व‌िंडीज ने 35 मैच जीते, 33 हारे और 31 ड्रॉ रहे।
101-200 टेस्ट मैच में व‌िंडीज ने 28 मैच जीते, 25 हारे और 47 ड्रॉ रहे।
201-300 टेस्ट मैच में व‌िंडीज ने 53 मैच जीते, 13 हारे और 34 ड्रॉ रहे।
301-400 टेस्ट मैच में व‌िंडीज ने 30 मैच जीते, 44 हारे और 26 ड्रॉ रहे।
401-499 टेस्ट मैच में व‌िंडीज ने 16 मैच जीते, 53 हारे और 30 ड्रॉ रहे।
विज्ञापन

विंडीज के सबसे सफल खिलाड़ी भी हिस्सा होंगे मैच के

वेस्टइंडीज जहां अपना 500वां टेस्ट मैच खेलने जा रही है, वहीं उसकी टीम के सबसे सफल बल्‍लेबाजों में से एक शिवनारायन चंद्रपॉल भी इस मैच में खेलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

बाएं हाथ के बल्‍लेबाज चंद्रपॉल ने अब तक 157 टेस्ट मैच खेले हैं और वह सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले वेस्टइंडीज के बल्‍लेबाज भी हैं। उन्होंने 29 शतक लगाए हैं और वह महानतम बल्‍लेबाज ब्रायन लारा के 34 शतकों के रिकॉर्ड से 5 श्‍ातक पीछे हैं। चंद्रपॉल ने 52 की औसत से 11,499 रन बनाए और वह इस मामले में भी सिर्फ लारा से पीछे हैं।

चंद्रपॉल ने कहा कि वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए यह बेहद शानदार अवसर है और मैं इसका हिस्सा होकर बेहद उत्साहित हूं। उन्होंने 1994 में 19 साल की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट करियर का आगाज किया था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें