फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WC: अफगानिस्तान ने किया बड़ा उलटफेर तो अंक तालिका में हुआ भारी बदलाव, खतरे में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया! जानें

Mon, 16 Oct 2023 09:17 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

World Cup Points Table 2023 : इंग्लैंड को अब शीर्ष चार में आने के लिए यहां से सभी मैच जीतने होंगे और इसके बाद भी नेट रन रेट का रोल काफी अहम रहेगा। अफगानिस्तान ने इंग्लिश टीम को हराकर इस विश्व कप में अपनी जीत का खाता खोला।
विज्ञापन
मौजूदा अंक तालिका - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विश्व कप 2023 का रोमांच अब फैंस के सिर चढ़कर बोलने लगा है। रविवार को एक रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान ने डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को 69 रन से हरा दिया। यह इस विश्व कप का पहला उलटफेर रहा। हशमतुल्लाह शाहिदी की टीम ने 2015 के बाद वनडे विश्व कप में पहली जीत हासिल की। इस हार से इंग्लैंड के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने की उम्मीदों को झटका जरूर लगा है। हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि अभी भी टीम के पास छह मैच बचे हैं और यहां से जोस बटलर की टीम को सभी मैच जीतने होंगे।
विज्ञापन


इस बार विश्व कप 10 टीमों के बीच राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला जा रहा है। लीग राउंड में एक टीम बाकी नौ टीमों से भिड़ेगी और अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। 2019 में भी इसी फॉर्मेट में विश्व कप खेला गया था और तब भारत अंक तालिका में शीर्ष पर रहा था। भारत ने सात मैच जीते थे। ऐसे में इंग्लैंड के लिए एक या दो और हार उनके लिए सेमीफाइनल का रास्ता बेहद मुश्किल कर सकती है। इतना ही नहीं पैट कमिंस की ऑस्ट्रेलियाई टीम पर भी यही खतरा मंडरा रहा है। आइए देखते हैं अंक तालिका का क्या हाल है...

विज्ञापन

जीत के बाद मुजीब और राशिद

पहले जानें पिछले पांच मैचों में क्या हुआ?
तारीख मैच नतीजा जगह
11 अक्तूबर भारत ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया दिल्ली
12 अक्तूबर दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 134 रन से हराया लखनऊ
13 अक्तूबर न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया चेन्नई
14 अक्तूबर भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया अहमदाबाद
15 अक्तूबर अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 69 रन से हराया दिल्ली

अब जानें अफगानिस्तान-इंग्लैंड मैच में क्या हुआ?
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की पारी 49.5 ओवर में 284 रन पर सिमट गई। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 57 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्के की मदद से 80 रन की पारी खेली। वहीं, इक्राम अलिखिल ने 58 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद को तीन विकेट मिले। जवाब में इंग्लैंड की पारी 40.3 ओवर में 215 रन पर सिमट गई। हैरी ब्रूक ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए मुजीब उर रहमान और राशिद खान ने तीन-तीन विकेट लिए। मैच रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

अंक तालिका में शीर्ष पर है टीम इंडिया
रोहित शर्मा की भारतीय टीम फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पर है। उसने अभी तक तीन में से तीनों मुकाबले जीते हैं। पहले मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से, दूसरे मैच में अफगानिस्तान को आठ विकेट से और तीसरे मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था। भारत के फिलहाल तीन मैचों में छह अंक हैं और उसका नेट रन रेट +1.821 है। इस विश्व कप में अभी तक तीन ही टीमें ऐसी हैं, जिसने अभी तक कोई मैच नहीं गंवाया है। भारत के अलावा न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें कोई मैच नहीं हारी हैं। दूसरे स्थान पर तीन मैचों में तीन जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम है। टीम के छह अंक हैं और उसका नेट रन रेट +1.604 है।

शानदार फॉर्म में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीकी टीम
कीवी टीम ने अपने पहले मैच में इंग्लैंड को नौ विकेट, दूसरे मैच में नीदरलैंड को 99 रन और तीसरे मैच में बांग्लादेश को आठ विकेट से हराया था। दक्षिण अफ्रीका ने दो मैच खेले हैं और दो मैचों में उसके चार अंक हैं। तेम्बा बावुमा की दक्षिण अफ्रीकी टीम का नेट रन रेट +2.360 के साथ फिलहाल सबसे ज्यादा है। बावुमा की टीम फिलहाल शानदार फॉर्म में चल रही है। इस टीम ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को 102 रन और दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 134 रन से हराया था। टीम का अगला मुकाबला नीदरलैंड से है। यह वही टीम है जिसने 2022 टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को सुपर-12 के मुकाबले में हराकर बड़ा उलटफेर किया था और इसका फायदा पाकिस्तान को हुआ था। ऐसें दोनों के बीच इस विश्व कप का मुकाबला भी दिलचस्प रहने वाला है।

वनडे विश्व कप 2023 मौजूदा अंक तालिका
टीमें मैच जीते हारे अंक नेट रन रेट
भारत 3 3 0 6 +1.821
न्यूजीलैंड 3 3 0 6 +1.604
दक्षिण अफ्रीका 2 2 0 4 +2.360
पाकिस्तान 3 2 1 4 -0.137
इंग्लैंड 3 1 2 2 -0.084
अफगानिस्तान 3 1 2 2 -0.652
बांग्लादेश 3 1 2 2 -0.699
श्रीलंका 2 0 2 0 -1.161
नीदरलैंड 2 0 2 0 -1.800
ऑस्ट्रेलिया 2 0 2 0 -1.846

इंग्लैंड की टीम पांचवें स्थान पर लुढ़की
वहीं, चौथे स्थान पर बाबर आजम की पाकिस्तान टीम है। उसके तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक हैं। शुरुआती दो जीत के बाद पाकिस्तानी टीम का नेट रन रेट पॉजिटिव था, लेकिन भारत से तीसरे मैच में हार के बाद टीम का नेट रन रेट नेगेटिव हो गया है। बाबर की टीम का नेट रन रेट फिलहाल -0.137 है। पाकिस्तान का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम से है। यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। हारने वाली टीम का आगे का रास्ता बेहद मुश्किल हो सकता है। वहीं, अफगानिस्तान से हार के बाद इंग्लैंड की टीम शुरुआती चार टीमों की लिस्ट से बाहर होकर पांचवें स्थान पर आ चुकी है। उसके तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ दो अंक हैं। अफगानिस्तान की टीम से हारकर इंग्लिश टीम का नेट रन रेट और गिर गया है। यह -0.084 हो चुका है।

अफगानिस्तान की टीम ने छठे स्थान पर लगाई छलांग
इंग्लैंड को अब शीर्ष चार में आने के लिए यहां से सभी मैच जीतने होंगे और इसके बाद भी नेट रन रेट का रोल काफी अहम रहेगा। अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को हराकर इस विश्व कप में अपनी जीत का खाता खोला। उसके भी तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ दो अंक हैं। अफगानिस्तान की टीम इंग्लैंड के ठीक नीचे छठे स्थान पर है। उसका नेट रन रेट -0.652 है। इस टीम का अगला मुकाबला न्यूजीलैंड से चेन्नई में है, जो कि बेहद ही दिलचस्प होगा, क्योंकि चेपॉक में गेंद काफी स्पिन करती है और अफगानी टीम के पास राशिद खान, मुजीब उर रहमान और नबी जैसे दिग्गज स्पिनर हैं। बांग्लादेश तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ दो अंक लेकर सातवें स्थान पर है। उसका नेट रन रेट -0.699 है। शाकिब अल हसन की टीम का अगला मुकाबला भारत से 19 अक्तूबर को है।

विश्व कप के अगले पांच मैच इस प्रकार हैं
तारीख मैच जगह
16 अक्तूबर ऑस्ट्रेलिया vs श्रीलंका लखनऊ
17 अक्तूबर दक्षिण अफ्रिका vs नीदरलैंड धर्मशाला
18 अक्तूबर न्यूजीलैंड vs अफगानिस्तान चेन्नई
19 अक्तूबर भारत vs बांग्लादेश पुणे
20 अक्तूबर ऑस्ट्रेलिया vs पाकिस्तान बेंगलुरु

विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी मैचों में जीत जरूरी
आठवें, नौवें और 10वें स्थान पर मौजूद टीमों का अब तक जीत का खाता नहीं खुला है। आठवें स्थान पर श्रीलंका, नौवें स्थान पर नीदरलैंड और आखिरी यानी 10वें स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की टीम है। श्रीलंका ने दो मैचों में कोई भी जीत हासिल नहीं की है, जबकि नीदरलैंड का भी यही हाल है। उसने भी दो मैच खेले हैं और जीत हासिल करने में नाकाम रही है। वहीं, पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के प्रदर्शन ने इस बार सभी को चौंकाया है। टीम अपने दोनों मैच गंवा चुकी है। पहले मैच में उसे भारत के खिलाफ और दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अब उसका सामना आज श्रीलंका से है। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम है। कंगारू टीम जीत का खाता खोलना चाहेगी, लेकिन अगर श्रीलंका ने उसे हरा दिया तो टीम पर विश्व कप से बाहर होने का खतरा मंडराने लगेगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें