राजकोट में बंगाल के दो कारीगरों की पीट-पीटकर हत्या, 9 गिरफ्तार
गुजरात के राजकोट शहर में चांदी के आभूषण बनाने वाली इकाई एमबीएस ऑर्नामेंट्स में चोरी के शक में बंगाल के दो कारीगरों राहुल शेख और सुमन शेख की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने फैक्टरी के मालिक सागर सावलिया, उसके प्रबंधकों, सुरक्षा गार्डों, दो श्रमिक ठेकेदारों समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पीड़ितों पर कारखाने में चांदी की चोरी करने का संदेह था।
प्रधान ने ओडिशा में शुरू किया खुदरा कौशल विकास कार्यक्रम
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को यहां खुदरा कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किया, जिसका उद्देश्य प्रशिक्षण प्रदान करना और उपभोक्ता अनुभवों को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सुपर-पावर रिटेलर प्रोग्राम खुदरा विक्रेताओं को कौशल (स्किल) प्रदान करने के साथ-साथ उनके विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके जरिये खुदरा विक्रेताओं को व्यावसायिक रणनीतियों की योजना बनाने और उन्हें लागू करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
कर्नाटक : आयकर सर्वे में ठेकेदार से और 8 करोड़ रुपये बरामद
आयकर विभाग की कर्नाटक में ठेकेदार, उसके बेटे, एक जिम प्रशिक्षक और एक आर्किटेक्ट समेत कई लोगों के यहां तीसरे दिन भी सर्वे जारी रहा। टीम ने छापे के दौरान 8 करोड़ रुपये और बरामद किए हैं। छापे में अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है। आयकर विभाग के एक उच्च अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि दो प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों से संबंधित 25 स्थानों पर बृहस्पतिवार से शुरू हुई छापे की कार्रवाई रविवार तक बढ़कर 55 जगहों पर हो गई।
भारतीय मतदाता पहचान पत्र के साथ 11 बांग्लादेशी पकड़े
महाराष्ट्र के पुणे में अवैध रूप से रह रहे 11 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से तीन नाबालिग हैं। पुलिस ने बताया कि उनके पास जाली दस्तावेजों का उपयोग करके बनवाए गए पैन कार्ड, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र मिले हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, हमें देवाची उरुली इलाके में कुछ बांग्लादेशियों के अवैध रूप से रहने के बारे में सूचना मिली। इसके बाद हमने तलाशी ली। जांच में पता चला कि सभी बिना पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों के रहते थे। बांग्लादेश के रहने वाले ये लोग शहर में छोटे-मोटे काम करते हैं।